नई दिल्ली ,20 मई: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर 19 मई की शाम वैभव सूर्यवंशी नाम का तूफान आया. अब तूफान आता है तो साथ में तबाही भी लाता है. लखनऊ सुपर जायंट्स पर उस तबाही का असर हुआ जो अपने 220 रन के स्कोर को भी नहीं बचा सका. राजस्थान रॉयल्स ने अपने होम ग्राउंड पर इस सीजन का आखिरी मुकाबला खेलते हुए उसे 7 विकेट से जीत लिया. अब राजस्थान ने तो लखनऊ को हराया ही लेकिन उसमें तूफान मचाकर हीरो बनने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 7 इंटनेशनल बल्लेबाजों को भी पछाड़ा. उसी के चलते एक बार फिर से ऑरेंज कैप पर उनका कब्जा हुआ है.
इन 7 इंटरनेशनल बल्लेबाजों पर भारी वैभव सूर्यवंशी
अब आप सोच रहे होंगे कि वो 7 इंटरनेशनल बल्लेबाज कौन हैं? इसका ताल्लुक उन 7 बल्लेबाजों से है जो ऑरेंज कैप की रेस में LSG के खिलाफ वैभव की बल्लेबाजी के पहले तक उनसे आगे थे और 500 प्लस रन बना चुके थे. उन बल्लेबाजों में मिचेल मार्श (563 रन), हेनरिक क्लासेन (555 रन), साई सुदर्शन ( 554 रन), शुभमन गिल ( 552 रन), विराट कोहली ( 542 रन), केएल राहुल ( 533 रन) और अभिषेक शर्मा ( 507 रन) के नाम हैं. ये वो 7 बल्लेबाज हैं, जिनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का तजुर्बा है. वहीं, 15 साल के वैभव अभी अनकैप्ड हैं.
वैभव सूर्यवंशी कैसे बने नंबर 1?
वैभव जब LSG के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए उतरे थे तो उनके खाते में 486 रन दर्ज थे. यानी, 500 रन के आंकड़े से भी वो 14 रन पीछे थे. लेकिन, LSG के खिलाफ जब उनकी पारी खत्म हुई तो अपने आगे खड़े 7 इंटरनेशनल बल्लेबाजों को पीछे छोड़ IPL 2026 की ऑरेंज कैप की रेस में पहले पायदान पर थे. उनके नाम के आगे सबसे ज्यादा रन थे.
वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 38 गेंदों में 10 छक्के के साथ 93 रन ठोके. 244.74 की स्ट्राइक रेट से खेली इस पारी ने उनकी बेबी बॉस वाली छवि को तो चमकाया ही साथ ही ऑरेंज कैप का भी नया बॉस बना दिया. इस पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी के 13 मैचों में 579 रन हो गए, जो कि उन्होंने 236.32 की स्ट्राइक रेट और 53 छक्के के साथ बनाए थे.
हर मैच के बाद बदल रहा ऑरेंज कैप का चेहरा
IPL 2026 में वैसे ऑरेंज कैप का चेहरा हर मैच, हर इनिंग के बाद बदल रहा है. RR vs LSG मैच के पहले ऑरेंज कैप पर हेनरिक क्लासेन का कब्जा था. जब राजस्थान के खिलाफ LSG की इनिंग खत्म हुई तो वो मिचेल मार्श के नाम हो गई और जब ये मुकाबला खत्म हुआ तो उस पर वैभव सूर्यवंशी नाम के डायनामाइट बल्लेबाज का कब्जा था.
पर्पल कैप पर लंबे समय से भुवी का कब्जा
एक ओर ऑरेंज कैप में लगातार बदलाव हो रहे हैं वहीं पर्पल कैप की रेस में ठहराव है. वहां लंबे समय से RCB के भुवनेश्वर कुमार नंबर 1 बने हैं, जिनके नाम 13 मैचों में 24 विकेट हैं. अच्छी बात ये है कि RCB प्लेऑफ में पहुंच चुकी है. ऐसे में भुवी के पास IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा 32 विकेट लेने के रिकॉर्ड को भी तोड़ने का मौका होगा.

