शराबी बेटे ने लाठी से पिता का नाक और पड़ोसी का हाथ तोड़ा

बिलासपुर 25 मार्च (वेदांत समाचार)।  शराबी बेटे ने गुस्से में आकर बांस की लाठी से जानलेवा हमला कर अपने पिता की नाक तोड़ दी। बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों पर भी हमला कर दिया। इससे एक पड़ोसी का हाथ फैक्चर हो गया। डायल 112 की टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। ग्राम छातौना के रहने वाले बेलू राम ध्रुव पिता खोलबहरा 60 वर्ष मजदूरी करते हैं। बीते गुरुवार की दोपहर तीन बजे वे घर पर थे। इसी दौरान उसका बेटा संजू ध्रुव शराब पीकर घर पहुंचा।

बेलू राम ने पुत्र को शराब पीने से मना किया। साथ ही उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा। नशा कम होने के बाद घर आने की बात कही। इससे नाराज होकर आरोपित संजू ने गाली-गलौज करते हुए बांस की लाठी से बेलू राम पर हमला कर दिया। लाठी से वार कर उनकी नाक तोड़ दी। इसके अलावा उसके सिर व घुटना में भी गंभीर चोटे आई है। बेलू राम अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। आवास सुनकर पड़ोस में रहने वाले साध राम यादव पिता इच्छा राम यादव 55 वर्ष बीच-बचाव करने पहुंचे।

तब आरोपित संजू ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। इससे साधराम का हाथ फैक्चर हो गया है। इसके बाद घायलों ने पुलिस की डायल 112 सेवा को फोन का सूचना दी। चकरभाठा की डायल 112 में तैनात आरक्षक राजेश श्रीवास और चालक शशांक दास मौके पर पहुंचे। बेलू और साधराम खून लथपथ गंभीर रूप से घायल मिले। पुलिस आने की सूचना मिलते ही आरोपित संजू मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए बिल्हा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की रिपोर्ट पर चकरभाठा पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।