पिगडंबर में भाजपा नेता के बेटे की हत्या के आरोपित राजा वर्मा को पुलिस ने किया गिरफ्तार

(इंदौर)24 मार्च (वेदांत समाचार)। किशनगंज थाना क्षेत्र के गांव पिगडंबर में बुधवार को प्लाट पर बोरिंग को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। घटना में भाजपा नेता उदल सिंह चौहान के बेटे सुजीत की हत्या कर दी गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे इंदौर व पीथमपुर की ओर करीब दस किमी तक लंबा जाम लग गया। बुधवार रात हुए हत्याकांड के मामले में प्रशासन ने गुरुवार सुबह से ही गुर्जर खेड़ा में आरोपितों के घर तोड़ने शुरू कर दिए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुबह से ही बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हुए हैं और जांच पड़ताल कर रहे हैं। यहां आरोपितों के देवपुरी कालोनी गुर्जर खेड़ा स्थित दोनों मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यहां पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और तमाम फोर्स लगा हुआ है। हमला करने वाले परिवार के लोग रात में ही घर छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपित राजा वर्मा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है।

हंगामाइयों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की, वहीं एक बाइक और एक एसयूवी में आग लगा दी। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार भी चले। एबी रोड पर तीन घंटे जाम लगा रहा, जो रात सवा 11 बजे खुल सका। मामले में पुलिस ने आरोपित लोकेश वर्मा उर्फ राजा व राकेश को गिरफ्तार किया है। दोपहर में गांव पिगडंबर की एक कालोनी में बोरिंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। जिस प्लाट पर बोरिंग हो रहा था, वह संगीता राजेश मेव के नाम पर है। इस विवाद में एक पक्ष महू से था।

विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में लोग महू से आए और चाकूबाजी करने लगे। इस दौरान कुलदीप पंवार से मारपीट की गई। इसमें कुलदीप गंभीर घायल हो गए। इस दौरान सुजीत राऊ स्थित होटल से घर लौट रहा था, तभी उस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। झगड़े में घायल सुजीत की देर शाम मौत हो गई। वह लॉ का विद्यार्थी था। इससे लोग भड़क गए और एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया।

किशनगंज थाने की पुलिस पहुंची लेकिन इसका भी असर नहीं हुआ। एसडीएम जैन ने जानकारी कलेक्टर समेत दूसरे अधिकारियों को दी। इंदौर से डीआइजी देहात चंद्रशेखर सोलंकी पुलिस बल के साथ महू पहुंचे। पुलिस ने भीड़ पर अश्रु गैस का गोला छोड़ा। इसके बाद लोग हटे और रात करीब सवा 11 बजे जाम खुल सका।

राहगीरों को बनाया निशाना

कुछ राहगीरों ने चक्काजाम कर रहे लोगों से हटने की अपील की तो उनके साथ मारपीट की गई। इंदौर से गुजरने वाली बसों में सवार कुछ लोगो ने हंगामे का वीडियो मोबाइल में बनाना शुरू कर दिया। इस पर लोगों ने उनसे मोबाइल छीनकर फेंक दिए। पत्थरबाजी केदौरान कुछ लोगों ने बाइक में आग लगा दी। इन्होंने कई लोगों पर हमला भी किया।

एसडीएम पुलिस बल के साथ आधा किमी दूर खड़े रहे

एसडीएम अक्षत जैन और तहसीलदार अभिषेक शर्मा मौके पर पहुंचे। हालांकि एसडीएम भी पुलिस बल के साथ करीब आधा किमी दूर खड़े रहे। इसके कुछ देर बाद जब वे हंगामा करने वाले लोगों के नजदीक उन्हें समझाने पहुंचे तो लोगों ने एसडीएम को जाने को कह दिया। इंदौर देहात के एसपी भगवत सिंह बिरदे भी रात करीब सवा 11 बजे नजर आए।