रुपयों के लेनदेन को लेकर पड़ोसियों में विवाद, डंडे और धारदार हथियार से हमला

भोपाल 24 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी के बजरिया थाना क्षेत्र के विजय नगर में मंगलवार को रुपयों के पुराने लेनदेन को लेकर पड़ोसियों में विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे से हमला कर दिया। कुछ लोगों के पास धारदार हथियार भी थे। इस हमले में दो लोगों को गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार रागिनी जोशी (34) विजय नगर बजरिया में रहती हैं। उनके पड़ोस में कविता माली (31) रहती हैं। दोनों पक्षों में सोमवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आसपास के लोगों ने समझौता करा दिया, जिससे मामला उस वक्त शांत हो गया। मंगलवार सुबह भी एक पक्ष की महिला दूसरे पक्ष के लोगों को अपशब्द कहने लगी। जिससे थोड़ी देर बाद उनके बीच फिर विवाद शुरू हो गया। रागिनी जोशी की तरफ से उनके पति मुकेश जोशी, विनय तिवारी, जय प्रकाश, बबली घर के बाहर निकल आए। जबकि कविता माली की तरफ से उसका पति मनोज माली, मनीष सैनी, गोविंद, रवि, दिनेश और नंदू आ गए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में जयप्रकाश को सिर में गंभीर चोट लगी है, उनको नाजुक हालत में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रागिनी जोशी और कविता माली की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।