केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे नेक्स्ट जेन CG डायल-112 का शुभारंभ – vedantsamachar.in

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे नेक्स्ट जेन CG डायल-112 का शुभारंभ

प्रदेश के सभी 33 जिलों तक पहुंचेगी आपातकालीन सेवा, 400 अत्याधुनिक वाहन भी होंगे शामिल

रायपुर, 17 मई। प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक, त्वरित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah जल्द ही नेक्स्ट जेन CG डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी तथा 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश के गृह मंत्री Vijay Sharma ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नेक्स्ट जेन CG डायल-112 को तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और हाईवे इमरजेंसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नागरिकों को त्वरित और समन्वित सहायता मिल सकेगी।

नई प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमैटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली तथा तकनीक सक्षम डिस्पैच प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं। इसके जरिए अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया और चिकित्सकीय सहायता को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रदेश में डायल-112 सेवा वर्ष 2018 से संचालित है और अब तक लाखों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है। वर्तमान में यह सेवा 16 जिलों में संचालित थी, जिसे अब विस्तार देते हुए प्रदेश के सभी 33 जिलों तक पहुंचाया जा रहा है।