बस्तर रेंज के नए आईजी बने बद्रीनारायण मीणा, सुंदरराज पट्टलिंगम ने संभाली एनआईए में नई जिम्मेदारी - vedantsamachar.in

बस्तर रेंज के नए आईजी बने बद्रीनारायण मीणा, सुंदरराज पट्टलिंगम ने संभाली एनआईए में नई जिम्मेदारी

जगदलपुर, 1 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व का औपचारिक बदलाव हो गया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सुंदरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जिन्हें भारत सरकार ने प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी है।

जगदलपुर स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित बस्तर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान निवर्तमान आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि बस्तर पुलिस की पूरी टीम उन्हें भी वही सहयोग, समर्पण और टीम भावना प्रदान करेगी, जो उनके कार्यकाल के दौरान लगातार मिलती रही।

अपने संबोधन में सुंदरराज पट्टलिंगम ने शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया तथा सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल की सभी उपलब्धियां सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और सभी पक्षों के विश्वास का परिणाम रही हैं। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया कर्मियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

निवर्तमान आईजी ने मिशन-2026 का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मिशन-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी संबंधित पक्षों का सहयोग सराहनीय रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में यह अभियान और अधिक गति प्राप्त करेगा।

वहीं, नए आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि वे पिछले वर्षों में हुए सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर काम करेंगे। उन्होंने बस्तर में स्थायी शांति, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, जनविश्वास और समावेशी विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से बस्तर को शांति और विकास के नए आयाम तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।

बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व के इस बदलाव को सुरक्षा व्यवस्था और मिशन-2026 के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए आईजी बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियान, जनसहभागिता और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।