एयर एशिया की फ्लाइट से 179 लोग पहुंचे दिल्ली, एयरपोर्ट में वी मुरलीधरन ने किया स्वागत

नई दिल्ली (वीएनएस)। यूक्रेन में जारी रूस के हमलों को देखते हुए ‘आपरेशन गंगा मिशन’ के तहत अब तक 11,000 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी हो चुकी है। शनिवार तड़के एयर एशिया की उड़ान से दिल्ली पहुंचने वाले 170 नागरिकों का स्वागत करने पहुंचे विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने यह जानकारी दी।

भारतीय वायुसेना का C-17 एयरक्राफ्ट 210 यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिको को रोमानिया के रास्ते लेकर शुक्रवार देर रात हिंडन एयरबेस पहुंचा। आपरेशन गंगा के तहत IAF का यह विमान रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से शुक्रवार को रवाना हुआ था। वहीं पोलैंड के वर्साव में स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, ‘दो इंडिगो और एक IAF की C-17 ग्लोबमास्टर के जरिए कुल 649 भारतीय छात्रों को रवाना किया गया।

यूक्रेन में रूसी सैनिकों के हमलों के बीच 3 मार्च तक 5,245 भारतीय नागरिकोंं को वापस अपने वतन लाया गया। यह जानकारी केंद्र की ओर से दी गई। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी पर विचार विमर्श किया गया।

सरकार ने यूक्रेन की सीमा से सटे पड़ोसी देशों में अपने विशेष दूतों को नियुक्त किया है जो अपने नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी में आने वाली बाधाओं को समाप्त करेंगे। हंगरी में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, स्लोवाकिया में कानून मंत्री किरण रिजिजू, रोमानिया में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पोलैंड में जनरल वीके सिंह हैं। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि अगले 24 घंटों में IAF के C-17 एयरक्राफ्ट समेत कुल 16 उड़ानों को निर्धारित किया गया है।

बता दें कि रूस ने पूर्वी यूक्रेन के दो विद्रोही इलाकों पर सबसे पहले कब्जा किया और फिर राजधानी कीव व अब तक तो पूरे देश में हालात खराब हो चुकी है। हालांकि दोनों देशों के बीच दो दौर की वार्ता भी हुई और माना जा रहा है कि जल्द ही तीसरे दौर की भी वार्ता की जाएगी।