Vedant Samachar

ग्राम जवाली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

राजू तिवारी (कोरबा), 25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के चार दिवसीय दौरा प्रवास के दौरान आज कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जवाली में पंचायत एवं बूथ कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता की कुंजी है। उन्होंने आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सक्रियता बढ़ाने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा आम जनता से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने अपने समर्थकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती प्रशांति सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के सचिव गुलशन जायसवाल, इंटक नेता रामकुमार कौशिक, अंकित मिश्रा, विनोद कर्ष सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन तथा आगामी रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला, जिससे आगामी दिनों में संगठन के और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article