मुंगेली, 25 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन और बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर फास्टरपुर-सेतगंगा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने ग्राम नागोपहरी में सौर ऊर्जा पानी टंकी के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 80 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 14.400 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 6400 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी (कीमत लगभग 15 हजार रुपये) भी जब्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान धन्नु यादव (36 वर्ष), निवासी विचारपुर और प्रहलाद यादव (18 वर्ष), निवासी निरजाम के रूप में हुई है। पूछताछ में वे शराब रखने और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिंहा, थाना प्रभारी लक्ष्मण खुंटे सहित पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
