Vedant Samachar

मुंगेली में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती: परिवहनकर्ताओं की बैठक में लिए गए अहम फैसले

Vedant samachar
2 Min Read

मुंगेली, 25 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में आयोजित बैठक में परिवहनकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

इस समीक्षा बैठक में एसडीओपी हरविंदर सिंह, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सी.पी. सोनी और नगर पालिका सीएमओ चंदन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस, राजस्व और नगर पालिका के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा को लेकर रणनीति तैयार की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। इसे देखते हुए तत्काल प्रभाव से कई नियम लागू किए गए हैं।

ये हैं प्रमुख निर्देश:

  • भारी वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य होगा।
  • चालक के साथ परिचालक (हेल्पर) का होना जरूरी किया गया है।
  • आबादी वाले क्षेत्रों में अधिकतम गति 20 किमी/घंटा तय की गई है।
  • ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
  • रेत से भरे वाहनों को त्रिपाल से ढंकना अनिवार्य किया गया है।
  • पूर्व में दुर्घटना कर चुके चालकों को दोबारा भारी वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
  • सभी भारी वाहनों से प्रेशर हॉर्न हटाना होगा।
  • नशे की हालत में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
  • हर वाहन पर मालिक, चालक और परिचालक का नाम व मोबाइल नंबर अंकित करना जरूरी होगा।

उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे व्यावसायिक लाभ से ऊपर मानव जीवन को प्राथमिकता दें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

Share This Article