Vedant Samachar

मेंटल और ऑटो ने चाकू मारकर लूटा मोबाइल दोनों आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार खमतराई पुलिस की कार्रवाई…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,25 मार्च (वेदांत समाचार) : रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान धनेश टंडन उर्फ मेंटल और टिकेश्वर निषाद उर्फ ऑटो के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी दुर्गेश यादव 23 मार्च की रात ट्रांसपोर्ट नगर से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मोबाइल लूट लिया।

विरोध करने पर आरोपियों ने उनके पेट और पीठ पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। साथ ही धनेश टंडन के पास से बटनदार चाकू और टिकेश्वर निषाद के पास से लोहे का चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। फिलहाल उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article