Vedant Samachar

हाथियों ने 8 किसानों की फसल रौंदी रात होते ही खेतों में पहुंच रहे, जंगल में 101 हाथियों की मौजूदगी…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़,25 मार्च (वेदांत समाचार): रायगढ़ जिले में हाथियों का दल रात के समय खेतों तक पहुंचने लगा है। खेतों में लगी धान की फसल को भारी नुकसान हो रहा है। धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों ने 8 किसानों की फसल रौंदकर खराब कर दिया। वहीं जिले के जंगलों में 101 हाथी विचरण कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल में 98 हाथियों का दल अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहा है।

सोमवार की रात को हाथियों का दल ग्रामीणों के खेतों में घुस गया और 8 किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ। बोरो रेंज के चाल्हा में 1 किसान की धान फसल, धरमजयगढ़ बरतापाली में 1 किसान की फसल, माढरमार और आमापाली में 5 फसल, भंडरीमुड़ा में 1 किसान की फसल रौंदा। रात में खेतों में हाथियों की आने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण और वन अमला खदेड़ने पहुंचे। लेकिन हाथी वहीं डटे रहे और काफी फसल को नुकसान करने के बाद सुबह होने से पहले जंगल की ओर चले गए। नुकसान हुई फसल का आंकलन वन अमला कर रहा है, उसके बाद मुआवजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

महिला को हाथी ने दौड़ाया

धरमजयगढ़ वन मंडल के ओंगना में रहने वाली भारती यादव और कुछ महिलाएं महुआ बिनने जंगल गई थीं। अचानक एक हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने उन्हें दौड़ाया, जिससे महिला घायल हो गई। उनके चेहरे पर चोट लगी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिले के जंगल में 101 हाथी

जिले के जंगलों में 101 हाथी विचरण कर रहे हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल में 98 हाथी हैं, जिनमें 26 नर, 50 मादा और 22 शावक शामिल हैं। रायगढ़ वन मंडल में 3 हाथी हैं, जिनमें 2 नर और 1 मादा है। इन पर विभाग के कर्मचारी निगरानी रख रहे हैं।

Share This Article