Vedant Samachar

असम के धेमाजी में भाजपा नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब, डिप्टी सीएम अरुण साव हुए शामिल

Vedant samachar
2 Min Read

धेमाजी/लखीमपुर (असम), 23 मार्च। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव असम प्रवास के दौरान धेमाजी में आयोजित भाजपा प्रत्याशियों की भव्य नामांकन रैली में शामिल हुए। रैली में भारी जनसमूह उमड़ा और शहर के प्रमुख मार्गों व चौक-चौराहों पर जनसैलाब नजर आया।

इस दौरान धेमाजी और सिसिबोरगांव विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रनोज पेगू और जीवन गोगोई ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन रैली को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा जनसमर्थन आगामी चुनाव परिणामों का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में असम ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना चाहती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी। रैली में लखीमपुर के सांसद प्रधान बरुआ, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

तीन दिन तक चली बैठकें, चुनावी रणनीति पर मंथन

अरुण साव ने असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर पिछले तीन दिनों में धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इसके अलावा नाओबोइचा विधानसभा में एनडीए सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया।

बैठकों में स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका और नाओबोइचा से एजीपी प्रत्याशी बसंत दास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ पर दिया जोर

बैठकों में अरुण साव ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी की नीतियों और विचारों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

Share This Article