Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी की बैठक में अतिक्रमण हटाने और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 23 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही खनिजों के अवैध परिवहन में लगे वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर और एसपी ने हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

बैठक में जिले के चिन्हांकित डार्क स्पॉट और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य किए जाएं। इनमें संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइट, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपायों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर पहले दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या जहां दुर्घटनाओं की आशंका अधिक है, वहां विशेष सतर्कता बरतते हुए मरम्मत और सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर के तंबोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article