Vedant Samachar

मुंगेली में बड़ा हादसा टला: बारात से लौट रही XUV700 में लगी भीषण आग, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों ने कूदकर बचाई जान

Vedant samachar
2 Min Read

मुंगेली, 23 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारात से लौट रही एक XUV700 कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कुल 7 लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली जिले के मोहतरा गांव आई थी, जहां रविवार रात विवाह समारोह संपन्न हुआ। सोमवार सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोग XUV700 कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वाहन से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।

ड्राइवर ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत गाड़ी को रोका और नीचे उतरकर जांच की। देखते ही देखते कार में आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही पलों में पूरे वाहन में धुआं भर गया, जिससे अंदर बैठे लोगों को कुछ दिखाई देना बंद हो गया। घबराहट के बीच सभी यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धूं-धूं कर जलने लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article