धमतरी, 23 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के थाना केरेगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथापारा में हंगामा कर रहे एक युवक के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और समझाइश के बावजूद अपना आक्रामक रवैया नहीं बदला, जिसके चलते पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भोथापारा निवासी धनेश नागवानी ने थाना केरेगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेख जिलानी का पुत्र हसनैन रजा उर्फ बिट्टू उसके घर के सामने आकर लगातार हंगामा कर रहा है और थाना में आवेदन देने की बात कहकर विवाद कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना केरेगांव की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी पर पुलिस की समझाइश और पहले की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का कोई असर नहीं पड़ा। वह लगातार उग्र होता गया और पुलिस की मौजूदगी में ही प्रार्थी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी शेख हसनैन (23 वर्ष), निवासी रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 एवं 126(1)/135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर तहसील न्यायालय कुकरेल में पेश किया।
मामले की सुनवाई के दौरान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी के खिलाफ जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
