सक्ती, 21 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब बनाने के उपकरण और दो स्कूटी वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हरदी के ठाकुर डबरी (सूखा तालाब) क्षेत्र में कुछ लोग हाथ भट्ठी के जरिए अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना सक्ती पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी दो स्कूटी में जूट की बोरियों में कच्ची महुआ शराब भरकर बिक्री के लिए ले जाते हुए पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम बादल खूंटे (19 वर्ष), हुनेश बंजारे (19 वर्ष) और लक्ष्मी खूंटे (20 वर्ष) निवासी ग्राम हरदी, थाना सक्ती बताया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जहां हाथ भट्ठी से शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब को नष्ट कर दिया और शराब बनाने में प्रयुक्त 4 सिल्वर हंडा भी जब्त किए।
आरोपियों से शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 42 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
