Vedant Samachar

बिलासपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.35 किलो गांजा व ₹42,500 नगद जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 21 मार्च 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.35 किलोग्राम गांजा और ₹42,500 नगद राशि जब्त की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर व्यापार विहार स्थित तारामंडल के पीछे रेलवे लाइन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के स्कूटी (क्रमांक CG-10 CD-1592) की डिग्गी से 4.35 किलो गांजा एवं ₹42,500 नकद बरामद किया गया। आरोपी की पहचान कार्तिक गुप्ता (29 वर्ष), निवासी बजरंग चौक, तालापारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच (एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन) की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article