Vedant Samachar

औद्योगिक हादसों पर सख्ती: फैक्ट्री संचालकों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर,21 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने फैक्ट्री मालिकों और संचालकों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र, बिल्हा, तिफरा, सिलपहरी और कोनी क्षेत्र के उद्योग संचालक शामिल हुए।

रजनेश सिंह ने सभी फैक्ट्री प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक हादसों में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, ग्लव्स, जूते और रेडियम जैकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी कर्मचारी शराब के सेवन के बाद कार्यस्थल पर न आए, इसके लिए फैक्ट्रियों में ब्रीथ एनालाइजर मशीन लगाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सभी इकाइयों के अंदर, बाहर और मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया। हाल के दिनों में बढ़ी आगजनी की घटनाओं को देखते हुए प्रत्येक फैक्ट्री में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखने और समय-समय पर सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार शाह, उपाध्यक्ष जितेन्द्र गांधी, शिवकुमार अग्रवाल, एन.एस. राजू, नवनीत अग्रवाल, हनुमंत अग्रवाल, एल.एस. नायक, प्रकाश, अंकुर अग्रवाल, विष्णु मुरारका सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह उपस्थित रहे।

Share This Article