Vedant Samachar

कुएं में गिरा भालू, ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग ने बचाया

Vedant Samachar
2 Min Read

बालोद, 21 मार्च (वेदांत समाचार) । बालोद वनमंडल अंतर्गत दल्लीराजहरा क्षेत्र के ग्राम जपकोहड़ा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भालू के कुएं में गिरने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्रीय वन अमला और उड़नदस्ता दल ने जंगल सफारी रायपुर के मार्गदर्शन में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सुनियोजित तरीके से बचाव कार्य को अंजाम दिया। टीम ने पूरी सतर्कता और सावधानी बरतते हुए घंटों की मशक्कत के बाद भालू को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। वन विभाग की टीम ने भालू को बिना चोट पहुंचाए बाहर निकालने में सफलता हासिल की।

समय पर कार्रवाई से बची जान
समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बेजुबान वन्य प्राणी का जीवन बचाया जा सका। इस पूरी घटना ने वन विभाग की तत्परता और दक्षता के साथ-साथ ग्रामीणों की जागरूकता और सहयोग को भी उजागर किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, क्षेत्र में वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article