नई दिल्ली , 21 मार्च: रेमंड ग्रुप के मुखिया और जाने-माने उद्योगपति गौतम सिंघानिया मालदीव में हुए एक स्पीडबोट हादसे में घायल हो गए. दुर्घटना के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
सिंघानिया के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है. स्पीडबोट में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से दो लापता हैं.
पर्यटकों को ले जा रही एक तेज रफ्तार स्पीडबोट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस नाव में सात लोग सवार थे, जिनमें रेमंड ग्रुप के चेयरमैन गौतम सिंघानिया भी शामिल थे. स्पीडबोट पर सवार पांच भारतीय पुरुषों में से दो अभी भी लापता हैं. इनमें प्रसिद्ध रैली ड्राइवर हरि सिंह का नाम भी शामिल है. मालदीव की कोस्ट गार्ड और बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.
एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन है सिंघानिया
गौतम सिंघानिया को एडवेंचर स्पोर्ट्स और तेज रफ्तार का शौकीन माना जाता है है. उन्हें दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती दाखिल कराया गया है. सूत्रों के मुताबिक उन्हें कुछ खरोंच और मामूली चोटें हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं. रेमंड ग्रुप का कारोबार कपड़ा, रियल एस्टेट, इंजीनियरिंग और कंज्यूमर केयर जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है. गौतम सिंघानिया की नेटवर्थ 11,000 करोड़ रुपये है. फिलहाल मालदीव प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर स्पीडबोट के पलटने का मुख्य कारण क्या था.
