Vedant Samachar

RDA आवास दिलाने के नाम पर ठगी ठगों ने 7 लाख लेकर फर्जी अलॉटमेंट लेटर थमाया, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Vedant Samachar
2 Min Read

राजधानी, 21 मार्च (वेदांत समाचार): रायपुर में रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) का मकान दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक महिला को फर्जी अलॉटमेंट ऑर्डर (आवंटन पत्र) थमाकर 7.10 लाख रुपये डकार लिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब महिला कब्जा लेने आरडीए कार्यालय पहुंची। अब कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद माना थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। माना पुलिस के अनुसार, पीड़िता कविता मंडल (38 वर्ष) निवासी माना कैंप, अपना खुद का घर चाहती थी। इसके लिए उसने जुलाई 2024 में राकेश मंडल, सरिता मंडल और पुनीत सिंह नामक व्यक्तियों से संपर्क किया। इन तीनों ने खुद को आरडीए में अच्छी पैठ होने का दावा किया और कविता को मकान दिलाने का झांसा दिया।

फर्जी दस्तावेज और 7.10 लाख की वसूली

आरोपियों ने 8 जुलाई से 22 जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में कविता से कुल 7.10 लाख रुपये वसूले। विश्वास जीतने के लिए उन्होंने कविता को आरडीए के फर्जी सील-सिक्के लगे आवंटन पत्र और अन्य कागजात सौंप दिए। जब कविता इन दस्तावेजों को लेकर आरडीए दफ्तर पहुंची, तो अधिकारियों ने बताया कि ये कागजात पूरी तरह फर्जी हैं और उनके नाम पर कोई मकान आवंटित नहीं हुआ है।

कोर्ट की शरण में पहुंची पीड़िता

धोखाधड़ी का पता चलने पर कविता ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। आरोपी महीनों तक ‘आज-कल’ और ‘अगले महीने’ कहकर टालते रहे। अंत में हार मानकर कविता ने कोर्ट में याचिका दायर की। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद देवांगन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए माना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर माना पुलिस ने आरोपी राकेश, सरिता और पुनीत के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।

Share This Article