Vedant Samachar

रायगढ़ में जलाशय का गेट टूटा, NH-49 पर सैलाब जैसे हालात, यातायात ठप

Vedant samachar
1 Min Read


रायगढ़,21 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के भूपदेवपुर इलाके में स्थित बिलासपुर जलाशय का एक पुराना और जर्जर गेट अचानक टूट जाने से अफरा-तफरी मच गई। गेट टूटते ही जलाशय का पानी तेज बहाव के साथ बाहर निकलने लगा, जिससे पास से गुजरने वाले रायगढ़-खरसिया नेशनल हाईवे (NH-49) पर सैलाब जैसी स्थिति बन गई।

हाईवे पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सड़क किसी नदी की तरह नजर आ रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तेज बहाव का असर आसपास के खेतों में भी देखा जा रहा है, जहां पानी घुसने से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय किसानों में चिंता का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारी जर्जर गेट से हो रहे पानी के रिसाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से उस मार्ग पर आवागमन न करने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share This Article