Vedant Samachar

अग्रसेन धाम रायपुर में 16 से 22 मार्च तक नेशनल टीम शतरंज चैंपियनशिप, कोरबा के दो खिलाड़ी छत्तीसगढ़ टीम में शामिल

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,14 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर स्थित अग्रसेन धाम में 16 मार्च से 22 मार्च 2026 तक नेशनल टीम शतरंज (चेस) चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। देशभर के शतरंज प्रेमियों के लिए यह प्रतियोगिता किसी महाकुंभ से कम नहीं मानी जा रही है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल लगभग 330 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो अपने रणनीतिक कौशल, धैर्य और तीव्र बुद्धि का परिचय देते हुए खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

शतरंज को बुद्धि और रणनीति का खेल माना जाता है, जिसमें खिलाड़ी हर चाल के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देने की योजना बनाते हैं। इस प्रतियोगिता में देश के कई नामी और अनुभवी खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में लगभग 200 से अधिक ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर और फिडे मास्टर स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे, जिससे मुकाबले का स्तर और अधिक रोचक तथा चुनौतीपूर्ण होने की संभावना है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले के लिए भी गर्व की बात है कि यहां के दो प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ राज्य की टीम में हुआ है। इनमें बालको क्षेत्र की 13 वर्षीय शिवांगी सोनी और कोसाबाड़ी निवासी 15 वर्षीय प्रभमन मल्होत्रा शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों ने कम उम्र में ही शतरंज के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और इसी के आधार पर उन्हें राज्य की टीम में स्थान मिला है।

स्थानीय खेल प्रेमियों और शतरंज से जुड़े लोगों का कहना है कि शिवांगी सोनी और प्रभमन मल्होत्रा का राज्य टीम में चयन कोरबा जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

परिवारजनों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि कोरबा जिले का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

Share This Article