Vedant Samachar

बड़ी खबर:पुलिस की कथित धमकी से डरा युवक फांसी पर झूला, मौत से पहले वीडियो में सुनाई आपबीती,देखिए वीडीओ …

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_16908288

कोरबा,14 मार्च (वेदांत समाचार)। उरगा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस की कथित धमकी और गाली-गलौज से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कहा कि जिस मामले में उसे पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था, उसमें उसका कोई हाथ नहीं है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार अकलतरा निवासी सनत कश्यप (25) कोरबा में अशोक लीलैंड कंपनी में मिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले पर किसी युवती को भगाने का आरोप है। इसी मामले में जांजगीर-चांपा जिले की पंतोरा पुलिस चौकी से सनत को फोन कर पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

मृतक द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी उसे फोन पर गाली-गलौज करते हुए चौकी बुलाया जा रहा है। उसने वीडियो में यह भी कहा कि उसे डर है कि चौकी जाने पर उसके साथ मारपीट या झूठा मामला दर्ज किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सनत ने कमरे में ही सीलिंग फैन के सहारे फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, चार भाइयों में सबसे छोटे सनत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कथित धमकी और प्रताड़ना के कारण उनके बेटे ने यह कदम उठाया।

मामले में अब यह देखना होगा कि मृतक के वीडियो में जिन पुलिसकर्मियों का जिक्र किया गया है, उनके खिलाफ उच्च अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

(अपील)
किसी भी समस्या या तनाव की स्थिति में आत्मघाती कदम समाधान नहीं है। कठिन परिस्थितियों में परिवार, मित्रों या संबंधित अधिकारियों से संवाद करना और कानूनी सहायता लेना ही बेहतर रास्ता होता है। जीवन अमूल्य है और हर समस्या का समाधान संवाद व धैर्य से खोजा जा सकता है।

Share This Article