कोरबा, 13 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने सुसाइड नोट लिखने के बजाय मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी बेगुनाही और पुलिस की कथित प्रताड़ना का जिक्र किया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा निवासी सनत कश्यप (25) कोरबा में अशोक लीलैंड कंपनी में गैरेज मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उसने कमरे में सीलिंग पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सनत ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कहा कि उसके रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के एक युवती को भगाने के मामले में उसका कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद जांजगीर-चांपा जिले की पंतोरा पुलिस चौकी से उसे फोन कर गाली-गलौज और धमकी दी गई, जिससे वह काफी डर गया था।
वीडियो में सनत यह कहते हुए नजर आता है कि उसके घर वालों की तरफ से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन पुलिस द्वारा दी जा रही धमकियों से वह बेहद परेशान है। उसे आशंका थी कि पूछताछ के नाम पर उसके साथ मारपीट या झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। इसी डर और मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठा लिया।
मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की बेवजह प्रताड़ना और धमकियों के कारण ही उनके बेटे ने आत्महत्या की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।