जांजगीर-चांपा, 13 मार्च 2026। अवैध नशीली कैप्सूल की बिक्री के मामले में थाना चांपा पुलिस को एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 880 नग नशीली कैप्सूल बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 8200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामकिशोर कश्यप और प्रदीप पटेल बताया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 469 स्ट्रिप में कुल 3752 नग नशीली कैप्सूल, जिसकी कीमत लगभग 34,813 रुपये आंकी गई, बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG 11 BM 2797), दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद जब्त किए गए थे। दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में इस मामले की आगे की जांच जारी थी। इसी दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े प्रकाश चौहान और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश चौहान (32 वर्ष) निवासी जेपी कॉलोनी रामनगर कोरबा और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू (27 वर्ष) निवासी रामसागर पारा वार्ड क्रमांक 2 कोरबा शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई विवेक सिंह (सायबर सेल), एएसआई भुनेश्वर राठौर, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।