Vedant Samachar

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कलेक्टर को लिखा पत्र

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा,14 मार्च (वेदांत समाचार)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कोरबा नगर निगम क्षेत्र के हितग्राहियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने कलेक्टर कोरबा को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि योजना के क्रियान्वयन में प्रशासनिक और व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण कई जरूरतमंद परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अपने पत्र में अग्रवाल ने उल्लेख किया है कि कई हितग्राहियों के पास पहले से कच्चा मकान या झोपड़ी है और उसी भूमि पर प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। इसके बावजूद नगर निगम के कुछ अधिकारियों द्वारा यह शर्त रखी जा रही है कि पहले मौजूदा मकान को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए, तभी योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने इसे अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि अनेक परिवारों में माता-पिता, उनके पुत्र और उनके परिवार एक ही परिसर में रहते हैं। ऐसे में निर्माण शुरू होने से पहले मकान तोड़ दिए जाने पर परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में पुराने कच्चे मकान को तत्काल तोड़े बिना उपलब्ध भूमि पर प्रधानमंत्री आवास निर्माण की अनुमति दी जाए।

अग्रवाल ने यह भी बताया कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं और जिन्होंने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, उन्हें योजना की किश्तें समय पर नहीं मिल पा रही हैं। योजना की राशि चरणबद्ध तरीके से जारी होने के कारण किश्तों में हो रही देरी से कई आवासों का निर्माण अधूरा रह गया है और कई निर्माण कार्य धनराशि के अभाव में रुक गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हितग्राहियों को योजना की राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कोरबा क्षेत्र के वर्तमान विधायक एवं राज्य सरकार के मंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई थी कि कोई भी परिवार झुग्गी-झोपड़ी में रहने के लिए मजबूर नहीं रहेगा और सभी वंचित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। ऐसे में आवश्यक है कि इस घोषणा के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए।

अग्रवाल ने यह भी स्मरण कराया कि उनके कार्यकाल में कोरबा क्षेत्र में लंबे समय से शासकीय भूमि पर निवास कर रहे लगभग 10 हजार से अधिक निम्न आय वर्ग के परिवारों को पट्टे वितरित किए गए थे, जिनके आधार पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। इसके बावजूद अभी भी कई परिवार ऐसे हैं जो विभिन्न कारणों से योजना के दायरे में नहीं आ पाए हैं और आवास के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी वंचित परिवारों को चिन्हित कर उन्हें भी योजना में शामिल किया जाए।

उन्होंने जिला प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंच सके।

Share This Article