कोरबा,11 मार्च (वेदांत समाचार)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर CISF इकाई एसईसीएल, बिलासपुर द्वारा गेवरा लाइन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आकर्षक परेड, शस्त्र कौशल प्रदर्शन और योग प्रदर्शन के माध्यम से बल की दक्षता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बल सदस्यों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें शुभकामनाएं देने के उद्देश्य से CISF उपमहानिरीक्षक निर्विकार एवं वरिष्ठ कमांडेंट डॉ. नागेंद्र कुमार झा के मार्गदर्शन में पारंपरिक बड़ाखाना का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, दर्री सीएसपी विमल कुमार पाठक, एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी, महाप्रबंधक (ऑपरेशन) एन.के. साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने CISF के बल सदस्यों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में CISF की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए इसे एक उत्कृष्ट और अनुशासित बल बताया। उन्होंने कहा कि CISF देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हुए राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। CISF के बल सदस्यों द्वारा प्रस्तुत इन कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के अंत में CISF उपमहानिरीक्षक निर्विकार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बल सदस्यों के मनोबल को बढ़ाने और संगठन के प्रति उनके विश्वास को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
