बिलासपुर, 17 मार्च (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में तेज रफ्तार स्कूटी बेकाबू होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर खंभे से जा भिड़ी। इस हादसे में स्कूटी चला रहे प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। यह घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। दरअसल तालापारा का रहने वाला 29 वर्षीय मोहम्मद जैद खान रविवार रात दोस्तों के साथ हैवंस पार्क बार में पार्टी करने गया था। शराब पीने के बाद रात करीब 1 बजे बार बंद हुआ।
इस दौरान नशा ज्यादा होने के कारण उसके दोस्त रितेश तोलानी ने जैद को बुलेट चलाने से मना कर अपनी स्कूटी दे दी। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ शहर में घूमने के बाद सभी रात करीब 2 बजे दोबारा बार पहुंचे, लेकिन वहां शराब नहीं मिली। इसके बाद जैद स्कूटी लेकर बस स्टैंड की ओर निकला। इस दौरान काफी तेज रफ्तार होने के कारण वह स्कूटी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और हैवंस पार्क के सामने डिवाइडर को टक्कर मारते हुए बिजली खंभे से टकरा गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई।
दोस्त रितेश तोलानी ने बताया कि जैद बहुत तेज रफ्तार में स्कूटी चला रहा था। अचानक वह संतुलन खो बैठा और खंभे से टकरा गया। पुलिस के मुताबिक जैद एफएम ग्रुप के लिए प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करता था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन शादी के डेढ़ साल बाद पत्नी से विवाद होने लगा। पत्नी बच्चे के साथ मायके में जाकर रहने लगी। पत्नी के जाने के बाद जैद डिप्रेशन में था। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।
