Vedant Samachar

हाथी के हमले से वृद्ध घायल चीख-पुकार करने से बच गई जान, सुबह जंगल की ओर गया था, 15 हाथी का दल कर रहा विचरण

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़ ,11 मार्च (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिला के बाकारूमा रेंज के जंगल में एक हाथी ने वृद्ध पर हमला कर दिया। सुबह ग्रामीण जंगल की ओर गया था, तभी घटना घटित हुई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज का है। मिली जानकारी के मुताबिक बाकारूमा रेंज के ग्राम सारसमार का रहने वाला ललकूराम उरांव 75 साल बुधवार की सुबह करीब 6 बजे जंगल की ओर किसी काम से जा रहा था। तभी जब वह कक्ष क्रमांक 149 रिजर्व फारेस्ट में पहुंचा तो उसका हाथी से सामना हो गया। ऐसे में हाथी ने दौड़ाकर उस पर सुंड से हमला कर दिया। इस दौरान ललकूराम ने जोर-जोर से चीख पुकार मचा दी। इससे हाथी हमला कर वापस जंगल की ओर लौट गया। जब मामले की जानकारी अन्य ग्रामीणों को लगी, तो उन्होंने इसकी सूचना वन अमला को दी। ऐसे में वनकमी मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल को ईलाज के लिए पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घायल के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि दी गई है।

रात में हाथी का दल पत्थलगांव की ओर से आया
बाकारूमा रेंज में पिछले कुछ दिनों से 7 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। वहीं इसमें मंगलवार की रात को 8 हाथी का झुंड पत्थलगांव की ओर से पहुंच गया।

ऐसे में करीब 15 हाथियों का 2 अलग-अलग दल इस क्षेत्र मंे विचरण कर रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि इसमें से एक हाथी हाथी दल से अलग हो जाता है और संभवतः उसी ने हमला किया है। बाकारूमा रेंजर विष्णु मरावी ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है। लगातार हाथियों के दल पर निगरानी की जा रही है। ग्रामीण सुबह जंगल की ओर जा रहा था। तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। मामले में आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article