Vedant Samachar

Janjgir Champa: सूने मकान में चोरी का खुलासा, 300 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा, 9.54 लाख का सामान बरामद

Vedant Samachar
4 Min Read

जांजगीर-चांपा,11 मार्च (वेदांत समाचार। जांजगीर क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।जांजगीर चांपा पुलिस ने आज प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी । आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी राशि और घटना में प्रयुक्त स्कूटी समेत कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस की सायबर टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जांजगीर क्षेत्र में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ बिलासपुर से जांजगीर आया था। उसने अपने पड़ोसी से इलाज कराने जाने का बहाना बनाकर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी क्रमांक CG-10-CC-1267 ली और साथियों के साथ जांजगीर पहुंचा।

26 फरवरी की रात करीब 8 बजे तीनों आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे सूने मकानों की तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें एक बंद मकान दिखाई दिया। आरोपियों ने पास में निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड उठाई और दीवार फांदकर रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच घर के अंदर घुस गए। इसके बाद दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चोरी कर ली।

चोरी के बाद आरोपी जांजगीर के एक सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट ली। सोने-चांदी के जेवर मुख्य आरोपी ने बाद में बांटने की बात कहकर अपने पास रख लिए और सभी स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।

चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को बेचने के लिए आरोपियों ने अपने परिचित जीत कुमार सूर्यवंशी (22) निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा, बिलासपुर की मदद ली। जीत कुमार ने उन्हें गीता प्रसाद साहू (37) निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर से मिलवाया। गीता प्रसाद साहू ने चोरी के चांदी के आभूषण गुड़ीपारा खरौद निवासी सूरज सोनी (34) को बेच दिए और करीब 80 हजार रुपये प्राप्त किए। इस रकम में से 12-12 हजार रुपये जीत कुमार और गीता प्रसाद ने आपस में बांट लिए, जबकि बाकी रकम मुख्य आरोपी को दे दी गई।

पुलिस ने इस मामले में जीत कुमार सूर्यवंशी, गीता प्रसाद साहू और सूरज सोनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। मामले में दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण, 796 ग्राम चांदी, 3600 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी समेत कुल 9.54 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खपर्डे के नेतृत्व में थाना जांजगीर और सायबर थाना की टीम ने यह कार्रवाई की। मामले की जांच में निरीक्षक जेपी गुप्ता, निरीक्षक सागर पाठक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article