Vedant Samachar

KORBA: खुद को भाजपा नेता बताने वाले कार चालक ने ठेला संचालक को मारी टक्कर, हंगामा

Vedant Samachar
1 Min Read

कोरबा, 11 मार्च। शहर के पुराना बस स्टैंड के पास आज बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब खुद को भाजपा नेता बताने वाले एक कार चालक ने सड़क किनारे ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पार्किंग को लेकर कार चालक और ठेला संचालक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कार चालक ने ठेला संचालक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने विरोध जताया और मौके पर भीड़ लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक खुद को भाजपा नेता बता रहा था और पुलिस से भी बहस करने लगा। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं घायल ठेला संचालक की हालत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।

Share This Article