डायन के आरोप में महिला को जिंदा जलाया,जान बचाने के लिए तालाब में कूदी; मौत

बिहार 18 फ़रवरी (वेदांत समाचार)। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र की जंगली-पहाड़ी इलाके के गोरियाडीह गांव में गुरुवार शाम महिला पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया गया। वहीं, जान बचाने के लिए महिला गांव के पास के एक तालाब में कूदी लेकिन उसकी मौत हो गई। बाद में घटना की सूचना रजौली थाना की पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार मृतक सरिता देवी के दो बेटे एवं एक बेटी है। वह अपने पति व बच्चों के साथ गोहियाडीह गांव में अपना जीवन गुजर बसर कर रही थी। बीते तीन दिन पूर्व गांव के ही सोहर सिंह के पुत्र बब्लू सिंह की मृत्यु हो गई थी। ऐसे में ग्रामीणों ने सरिता देवी (मृतका) को इसका दोषी मानते हुए उस पर आक्रोशित हो गए। गुरुवार को लगभग 4 बजे बब्लू सिंह के भाई विजय सिंह एवं आक्रोशित लोगों ने सरिता देवी के घर में घुसकर उसके साथ गाली गलौज किया। गाली-गलौज के दौरान मारपीट भी की। फिर पेट्रोल एवं किरोसिन तेल डालकर आग लगा दिया। आग लगने का बाद सरिता देवी भागती हुई नजदीक के तालाब में जा कूदी। तालाब में कूदने के बाद भी ग्रामीण उस पर ईंट पत्थर चलाते रहे। जिसके बाद दो लोग तालाब में कूदे और उसकी गर्दन रेत दी, फिर पत्थर से उसका सिर कूच डाला। सरिता के स्वजन बचाने लगे तो उनकी भी पिटाई कर दी।

घटना के बाद सरिता की बहन शरीफा देवी व बहनोई गौतम सिंह ने रजौली थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। एसपी डीएस सावलाराम ने कहा कि घटना क्रूरतम है। 22 लोग हिरासत में लिए गए हैं। जो भी दोषी होंगे बख्शे नहीं जाएंगे। जन पंचायत की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

इधर, इस मामले पर थाना प्रभारी दरबारी चौधरी ने बताया कि झारखंड के तिलैया में प्रवेश करने पर गोरियाडीह गांव पड़ता है। हम लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। गांव पहुंचने के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी। उसके बाद ही कुछ विस्तार से बताया जा सकता।