मुख्‍यमंत्री शिवराज बोले-किसानों के लिए हमारा दिल धड़कता है, ओला प्रभावितों के खातों में 200 करोड़ से अधिक जमा कराए

भोपाल 17 फरवरी (वेदांत समाचार)।  राज्य सरकार ने गुरुवार को ओला प्रभावित एक लाख 46 हजार 101 किसानों के बैंक खातों में 202.90 करोड़ रुपये जमा कराए। अस्वस्थता के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास से कार्यक्रम में शामिल हुए और सिंगल क्लिक पर किसानों के खाते में राशि जमा कराई। ओलावृष्टि से रायसेन, राजगढ़, विदिशा, भिंड, गुना, सागर, टीकमगढ़, खंडवा सहित 26 जिलों में एक लाख 34 हजार 19 हेक्टेयर रकबे की फसलों को नुकसान हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये किसानों की सरकार है। किसानों के लिए हमारा दिल धड़कता है। जब ओले गिरते हैं, तो लगता है हमारे सीने पर ओले गिरे हों। रात-रात भर नींद नहीं आती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी यह राहत राशि है। फसल बीमा योजना की राशि अलग से दिलाई जाएगी। उन्होंने कमल नाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राहत राशि को लेकर ट्वीट करते रहते हैं पर तुमने दिया क्या था। वर्ष 2019 में भी प्राकृतिक आपदा से फसलों को नुकसान हुआ था। तब कुछ लोगों को राहत दी और मौन साध लिया। थोड़ी तो लज्जा आए। उस समय किसानों को फसल बीमा की राशि भी इसलिए नहीं मिली, क्योंकि प्रीमियम की राशि सरकार ने जमा नहीं कराई थी। हमने 2200 करोड़ रुपये प्रीमियम जमा किया और फिर चार हजार करोड़ रुपये बीमा दिलाया।

उन्होंने कहा कि सरकार-सरकार में फर्क देखिए। कोरोना की पहली लहर में सरकार आई थी। हम कोरोना को ढंग से समझ नहीं पाए। फिर भी एक करोड़ 29 लाख 42 हजार टन गेहूं खरीदा। दूसरी लहर में भी नहीं रुके। हमारे कर्मचारियों ने जान भी गंवा दी, फिर भी हमने एक करोड़ 28 लाख 15 हजार टन गेहूं खरीदा। धान भी खरीदी। मुख्यमंत्री ने कहा जहां तक मेरी जानकारी में है, पूरी पारदर्शिता से सर्वे हुआ है। भाजपा के पदाधिकारी, विधायक ओला प्रभावित क्षेत्रों में गए। कलेक्टरों ने भी अच्छा काम किया है। राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सागर से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

आठ दिन पहले 7618 करोड़ जमा कराए

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 महीने में सरकार ने विभिन्न् योजना और राहत राशि के रूप में किसानों के खातों में एक लाख 72 हजार करोड़ रुपये जमा कराए हैं। आठ दिन पहले ही सात हजार 618 करोड़ रुपये फसल बीमा के जमा कराए हैं। उन्होंने कहा सिंगल क्लिक से राशि डालने पर खातों में राशि पहुंचने में कई बार एक हफ्ते लग जाते हैं खाते में राशि पहुंचने में। इसलिए चिंता न करें।

सरोजनी ने कहा-भैया रूखी-सूखी है खाने आना

मुख्यमंत्री ने किसानों से वर्चुअल बात भी की। इस दौरान सागर चांदबढ़ की सरोजनी डाबर ने मुख्यमंत्री को भोजन पर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा-भैया रूखी-सूखी है खाने आना। मुख्यमंत्री ने कहा जरूर आऊंगा। उन्होंने गुना के फूलसिंह, शिवपुरी के राजकुमार जावट और निवाड़ी के मधुसूदन से भी बात की। सभी से योजनाओं की जानकारी भी ली।