जिला अस्पताल के बिस्तर फुल, भर्ती होने मरीजों को करना पड़ा इंतजार

धमतरी,16 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिला अस्पताल धमतरी के वार्ड इन दिनों मरीजों से फुल चल रहा है। पुरूष, बुजुर्ग व महिला वार्ड में मरीजों को भर्ती होने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इन वार्डों के सभी बिस्तर मरीजों से भरा हुआ है। वहीं अस्पताल में मरीजों की ओपीडी संख्या पहले से बढ़ गई है।

जिला अस्पताल धमतरी में 15 फरवरी को बीमार होकर उपचार के लिए भर्ती होने पहुंचने वाले मरीजों को भर्ती होने बिस्तर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। क्योंकि अस्पताल के पुरूष वार्ड, वृद्धजन वार्ड, महिला वार्ड समेत सभी वार्ड के बिस्तर मरीजों से भरा रहा। एक भी मरीज को भर्ती करने के लिए बिस्तर उपलब्ध नहीं थे, ऐसे में भर्ती होने पहुंचे मरीजों को अस्पताल परिसर व आसपास इंतजार कर वार्डों में भर्ती अन्य मरीजों के छुट्टी होने का इंतजार करना पड़ा।

पुरूष वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों के छुट्टी होने के बाद ही इन मरीजों को भर्ती लिया गया, तब जाकर उपचार शुरू हुआ। अस्पताल में बुखार, कमजोरी समेत विभिन्न प्रकार के बीमारियों से पीड़ित होकर मरीज भर्ती है। जिला अस्पताल के डाक्टर संजय वानखेड़े का कहना है कि मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते इन दिनों अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या पहले से बढ़ गए है।

वहीं ओपीडी में भी अधिक मरीज आ रहे हैं। मरीज कमजोरी, खून की कमी, बुखार समेत विभिन्न प्रकार के शारीरिक तकलीफ से पीड़ित होकर उपचार कराने पहुंच रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल के पुरूष वार्ड में एक प्राईवेट रूम को भी बंद कर दिया गया है, जहां पहले मरीजों को भर्ती किया जा रहा था। इस संबंध में जिला अस्पताल के व्यवस्थापक डा राकेश थापा ने कहा कि वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों के छुट्टी होने के बाद इन मरीजों को भर्ती किया जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पहल जारी है।