रायपुर,13 मई (वेदांत समाचार)। रायपुर के बिरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नाली में एक नवजात शिशु का शव मिला। मामला उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 का है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह कुछ राहगीरों ने नाली में कपड़े में लिपटा नवजात देखा। करीब जाकर देखने पर पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जन्म के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

