जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 2026 में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम… – vedantsamachar.in

जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 2026 में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम…

महापौर संजू देवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

कोरबा,13 मई (वेदांत समाचार)। कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन रविवार को पुराना बस स्टैंड स्थित गीतांजली भवन में उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने योगासन की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ योगासन भारत के अध्यक्ष एवं पतंजलि युवा भारत के राज्य प्रभारी जयंत भारती ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और योग के महत्व पर संक्षिप्त जानकारी दी। मोटिवेशनल स्पीकर नूतन विश्वकर्मा ने बच्चों को योग के प्रति प्रेरित करते हुए नियमित अभ्यास को जीवन के लिए आवश्यक बताया।

मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनि विभिन्न रोगों के उपचार और मानसिक शांति के लिए योग का सहारा लेते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक विज्ञान भी योग को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी मानता है। महापौर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहा है।

विशिष्ट अतिथि नरेंद्र देवांगन ने कहा कि आज की तेज रफ्तार जीवनशैली में योग हर आयु वर्ग के लोगों के लिए जरूरी हो गया है। नियमित योग से मन, शरीर और आत्मा का संतुलन बना रहता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं 50 से अधिक प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उज्ज्वल, आदित्य कुमार, स्पर्श, आर्या, सौरभ, सृधा, नीतू, नेहा, कुमकुम, कनिका, शिखा, गितेश्वर, पारुल सरकार और कंचन जायसवाल सहित कई प्रतिभागियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका ईश्वरी धीवर, शर्मिला नायक, सीमा सिंह, सुंदरमोती पटेल, सविता सोनी, सीमा पटेल एवं भारती नागवंशी ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद अग्रवाल (अध्यक्ष), संजय कुर्मवंशी (सचिव), सचिन विश्वकर्मा (कम्पिटिशन डायरेक्टर), इंद्रनारायण जायसवाल (कोषाध्यक्ष), दुर्गेश राठौर, राकेश साहू, विंद्रा चौहान, दुर्गेश तिवारी, विनीता दीक्षित, योगेश साहू, राहुल खरे एवं सुनील अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।