Vedant Samachar

आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर लूट और मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 43,800 रुपये की लूट का मामला

Vedant samachar
4 Min Read

धमतरी, 06 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में लूट और मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रास्ता रोककर पीड़ितों के साथ मारपीट की, उन्हें जबरन कार में बैठाकर अपहरण किया और नकद व ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 43,800 रुपये की लूट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और लूटी गई नगदी रकम भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है।

मामले के संबंध में प्रार्थी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी ग्राम छाती, थाना कुरूद ने थाना मगरलोड में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 मार्च 2026 को वह अपने गांव के फगेश्वर कुमार साहू के पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MQ 1589 में फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ दो बछड़ों को छोड़ने के लिए ग्राम मुडकेरा जा रहे थे।

इसी दौरान दोपहर लगभग 3 बजे आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर स्विफ्ट कार क्रमांक CG 05 AP 6389 में सवार ओमकार कुर्रे, राहुल कुर्रे, चांद कुर्रे, विकास आडिल और शाहिल अली ने उनके पिकअप वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने मवेशी ले जाने के संबंध में पूछताछ करते हुए उनसे पैसे की मांग की और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की।

पीड़ितों के अनुसार आरोपियों ने स्वयं को किसी दल और पुलिस का सदस्य बताते हुए उन्हें जबरन अपनी कार में बैठा लिया और दुगली की ओर ले गए। वहां दुगली-नगरी मार्ग पर स्थित एक तालाब के पास फिर से मारपीट की गई और उनके पास मौजूद 13,800 रुपये नकद लूट लिए गए। इसके साथ ही प्रार्थी के मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से 30,000 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 43,800 रुपये की लूट को अंजाम दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान लिए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार पतासाजी और दबिश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 05 AP 6389, सैमसंग और ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन तथा लूट की नगदी रकम गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त कर ली।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ओमकार कुर्रे (41 वर्ष), चांद कुर्रे (19 वर्ष) और राहुल कुर्रे (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के निवासी हैं। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Share This Article