कोरबा, 05 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के साइबर थाने में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के आदेश पर साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय सोनवानी को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब थाना निरीक्षक ललित चंद्रा को साइबर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह बदलाव सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अधिनियम की धारा 78 के अनुसार, आईटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज अपराधों की जांच वही पुलिस अधिकारी कर सकता है, जो निरीक्षक पद से नीचे का न हो। दंड प्रक्रिया संहिता में दिए गए प्रावधानों के बावजूद इस शर्त का पालन अनिवार्य है। इसके बावजूद 24 जनवरी को साइबर थाना का प्रभार सब इंस्पेक्टर को सौंपा गया था, जिसे लेकर नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई।

इस नियुक्ति के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे और मामला तेजी से चर्चा में आ गया। नियमों का हवाला देते हुए कई तरह की आपत्तियां सामने आईं। बढ़ते दबाव और उठे सवालों के बीच महज तीन दिन बाद, 27 जनवरी को आदेश में संशोधन किया गया और थाना निरीक्षक ललित चंद्रा को साइबर थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया गया।
एसपी कार्यालय से जारी नए आदेश के बाद पुलिस महकमे में इस निर्णय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि साइबर अपराधों की बढ़ती संवेदनशीलता, तकनीकी प्रकृति और कानूनी जटिलताओं को देखते हुए अब एक अनुभवी अधिकारी को साइबर थाना की कमान सौंपी गई है।
अब सबकी निगाहें नए प्रभारी के नेतृत्व में साइबर थाना की कार्यप्रणाली पर टिकी हैं। आम नागरिकों को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और पीड़ितों को समय पर न्याय और राहत मिल सकेगी।
