बिलासपुर रेंज में महिला सुरक्षा और लंबित मामलों पर सख्ती, आईजी राम गोपाल गर्ग ने एक माह में पुराने प्रकरण खत्म करने का दिया लक्ष्य – vedantsamachar.in

बिलासपुर रेंज में महिला सुरक्षा और लंबित मामलों पर सख्ती, आईजी राम गोपाल गर्ग ने एक माह में पुराने प्रकरण खत्म करने का दिया लक्ष्य

बिलासपुर, 13 मई (वेदांत समाचार)। राम गोपाल गर्ग ने बुधवार को बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर लंबित आपराधिक प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और महिला सुरक्षा मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में पुराने मामलों को अभियान चलाकर खत्म करने और महिला संबंधी अपराधों में 60 दिनों के भीतर कार्रवाई पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया।

रेंज स्तरीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सक्ती, जांजगीर-चांपा और सारंगढ़ जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन और लंबित मामलों की समीक्षा प्रमुख मुद्दा रहा।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को आगामी एक माह के भीतर पुराने लंबित प्रकरणों को शून्य करने का लक्ष्य दिया।

बैठक में लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की अलग से समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की राजपत्रित अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणवार समीक्षा कर जल्द से जल्द चालान न्यायालय में पेश किया जाए। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला सुरक्षा को लेकर आईजी ने कहा कि पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है। उन्होंने ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के तहत लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का तुरंत निराकरण किया जाए। वहीं 60 दिनों के भीतर वाले मामलों में लगातार साक्ष्य संकलन कर समय-सीमा के अंदर जांच पूरी की जाए।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को न्यायालयीन दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने कहा कि लंबित प्रकरणों में तेजी लाकर आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में रजनेश सिंह, शशि मोहन सिंह, भोजराम पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, मनोज खिलारी, प्रफुल्ल ठाकुर, निवेदिता पॉल और निमीषा पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।