धमतरी : जिला सहकारी बैंक में पैसे लेने किसानों की लग रही भीड़

धमतरी 10 फरवरी (वेदांत समाचार)। समर्थन मूल्य में धान बेचने के बाद अब किसानों को रकम प्राप्त करने भी मशक्कत करनी पड़ रही है। जिला सहकारी बैंक में धमतरी शहर से लगे हुए गांव के अधिकांश किसान रकम लेने पहुंचते हैं। समर्थन मूल्य की राशि लेने किसानों को मशक्कत करनी पड़ रही है। हर दिन यहां पर किसानों को भीड़ लगती है। मंगलवार आठ फरवरी को यहां सर्वर डाउन के चलते किसान काफी परेशान रहे। बुधवार को मंगलवार की तुलना में भीड़ कम रही। समय पर पैसा नहीं मिलने से कई किसान मायूस नजर आए।

राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य खरीद एक दिसंबर 2021 से सात फरवरी 2022 तक हुई है। जिले में एक लाख 17 हजार 367 किसानों ने अपना धान बेंचा है। किसान परमेश्वर साहू, किशन साहू, देवेंद्र कुमार, कुणाल साहू ने बताया कि वे धान के समर्थन मूल्य की राशि लेने पहुंचे थे, लेकिन बीच में सर्वर डाउन हो गया। इससे बैंक पहुंचे अधिकांश किसानों को समर्थन मूल्य की राशि समय पर नहीं मिल पाई। समय पर पैसा नहीं मिलने से किसान वापस लौट गए। किसान धर्मेंद्र कुमार साहू, बोधन साहू, प्रेम कुमार ने बताया कि खरीफ फसल की कटाई के लिए मजदूरी देनी है। कटाई के समय बेमौसम बारिश होने से कुछ फसल नष्ट हो गई थी। शेष बचे हुए फसल को उन्होंने मजदूर लगाकर बचाया। अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं हो पाया, इसलिए भी समर्थन मूल्य में धान बिक्री के बाद राशि लेने पहुंचे हैं, ताकि मजदूरों को मजदूरी दे सकें, लेकिन यहां पर सर्वर डाउन के चलते कई किसान मंगलवार को परेशान होकर वापस लौट गए। घंटों इंतजार करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद समर्थन मूल्य की राशि मिल पाई, तब किसानों को थोड़ी राहत मिली। मालूम हो कि जिला सहकारी बैंक में अलग-अलग गांव के लिए दिन तय है, लेकिन किसान दिन के हिसाब की बजाय एक ही दिन पहुंच जाते हैं, इससे यहां भीड़ का माहौल बन जाता है। यदि इस दौरान तकनीकी खराबी आ जाए तो परेशानी और बढ़ जाती है।