WEATHER UPDATE : 2 से 3 डिग्री गिरेगा पारा, 4 डिग्री की होगी वृद्धि

नई दिल्ली । उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में अभी मौसम सामान्य बन हुआ है। मैदानी राज्यों में ठंड से कुछ राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में हालात बदल सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दो दिनों पहाड़ों पर हिमपात के साथ ही कुछ राज्यों में बारिश के आसार है। इसका असल मैदानी राज्यों पर भी देखने को मिलेगा। यानी आने वाले कुछ दिनों में मौसम बिगड़ने वाला है। उत्तर भारत में लगातार बदलते मौसम के बीच रविवार को दिन भर चटक धूप खिली रही।

स्कायमेट वेदर के अनुसार, 8 या 9 फरवरी के आसपास उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। 8 फरवरी को राजस्थान के उत्तरी भागों में और 9 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की छिटपुट बारिश संभव है। ये गतिविधियां मध्यम या भारी नहीं होंगी, इसलिए फसल को नुकसान की संभावना से इंकार किया जाता है। 9 और 10 फरवरी को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि होगी।

9 से 10 फरवरी के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश का एक और दौर संभव है। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की उम्मीद है, जिनमें से एक 6 फरवरी को और दूसरा 8 या 9 फरवरी को आएगा।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम


तापमान बढ़ने से दिल्लीवासियों को ठिठुरन से भी राहत मिली। सोमवार को तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि बुधवार से मौसम फिर करवट लेगा और बारिश होने का भी अनुमान है। पहाड़ों में भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमपात होगा। दिल्ली में शनिवार की तरह रविवार सुबह भी कोहरे ने परेशान किया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह कोहरा होगा। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मंगलवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा। बुधवार को एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होने की संभावना है। इस दिन के लिए यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके बाद तापमान भी गिरेगा और ठिठुरन भी वापस बढ़ेगी।

उत्तराखंड में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार


उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में चटख धूप ठंड से फौरी राहत दे रही है, लेकिन सुबह-शाम सर्दी का सितम बरकरार है। मैदानी इलाकों में कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से प्रदेश में मौसम फिर करवट बदल सकता है। जिससे कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ


हिमाचल प्रदेश में दो दिन से मौसम ने राहत दी है, लेकिन जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। तीन एनएच सहित अब भी 423 सड़कों पर यातायात बंद है। 276 ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत आपूर्ति बाधित है। प्रदेश में 92 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। मौसम विभाग के अनुसार आठ फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा और ऊंचे और मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात व बारिश की संभावना है। नौ फरवरी को भारी हिमपात व बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा।

शुरू हुई बर्फबारी


रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में फिर से बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। भारी हिमपात के बाद हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है। लाहुल स्पीति के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया की घाटी में फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही जारी है। उन्होंने बताया कि वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।