जांजगीर-चांपा, 22 फरवरी 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमीसोनार में रात्रि के समय घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:30 बजे की है। प्रार्थी शुभम यादव, निवासी स्कूल पारा कोटमीसोनार, के घर में कुछ लोग एक राय होकर घुस गए और पुरानी रंजिश के चलते अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की मां के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 83/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके सकुनत से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार केंवट (39 वर्ष), कन्या कुमारी केवट (36 वर्ष), रामेश्वर उर्फ परमेश्वर केंवट (28 वर्ष) तथा अजय केवट (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा के निवासी हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा तथा पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय का सराहनीय योगदान रहा।
