Vedant Samachar

रायपुर पुलिस (ग्रामीण) की बैठक: पुलिस मितानों को सौंपे गए अहम दायित्व, सड़क सुरक्षा पर चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 17 फरवरी 2026 । ग्रामीण पुलिस द्वारा थाना मंदिर हसौद परिसर में पुलिस मितानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें पुलिस और समाज के बीच समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल तथा थाना प्रभारी मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव मौजूद रहे। साथ ही जनहित फाउंडेशन रायपुर के चेयरमैन ऋषभ सोनी और फाउंडेशन के अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।

अधिकारियों ने पुलिस मितानों को उनके दायित्वों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सहयोग को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में बताया गया कि पुलिस मितान पुलिस और आम जनता के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हैं, इसलिए क्षेत्र की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील भी की गई।

अधिकारियों ने पुलिस मितानों को आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझने, जरूरतमंदों की सहायता करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास तथा सहयोग की भावना से ही सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

बैठक के अंत में समाज सेवा, जनसहयोग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस मितानों के सहयोग से विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अभियान के तहत लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Share This Article