मोदी सरकार ने बढ़ाई सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी, महंगी होंगी कीमती धातुएं – vedantsamachar.in

मोदी सरकार ने बढ़ाई सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी, महंगी होंगी कीमती धातुएं

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है। सरकार के इस कदम के बाद अब देश में सोना-चांदी का आयात महंगा हो जाएगा, जिसका असर आम उपभोक्ताओं और ज्वेलरी बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।

जानकारी के अनुसार, सरकार ने गोल्ड पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही Agriculture Infrastructure & Development Cess (AIDC) में भी बढ़ोतरी की गई है। अभी तक सोने पर 5 प्रतिशत इंपोर्ट ड्यूटी और 1 प्रतिशत AIDC लगाया जाता था, यानी कुल 6 प्रतिशत शुल्क लागू था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सोने के आयात पर कर भार काफी बढ़ जाएगा।

सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से तय कोटा के तहत आने वाले सोने पर मिलने वाली रियायती दरों में भी संशोधन किया है। इससे UAE से आयात होने वाला सोना भी महंगा पड़ सकता है।

गौरतलब है कि जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में सरकार ने गोल्ड पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया था। उस समय बेसिक कस्टम ड्यूटी 10 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत तथा AIDC को 5 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत किया गया था। सरकार के उस फैसले से ज्वेलरी उद्योग और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली थी।

अब एक बार फिर सरकार द्वारा ड्यूटी बढ़ाए जाने को लेकर बाजार में चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ी हुई इंपोर्ट ड्यूटी का असर घरेलू बाजार में सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है। वहीं, सरकार का उद्देश्य आयात को नियंत्रित करने और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने से भी जोड़ा जा रहा है।