इंदौर,17 फरवरी। मध्य प्रदेश से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। एमबीए छात्रा की हत्या के बाद आरोपी छात्र ने जो किया, वह सुनकर पुलिस अधिकारी भी सन्न रह गए। हत्या के बाद आरोपी न सिर्फ फरार हुआ, बल्कि मृतका की “आत्मा से बात” करने के लिए अंधविश्वास और टोटकों का सहारा लेने लगा।
हत्या के बाद भी नहीं थमा जुनून
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पीयूष छात्रा की हत्या करने के बाद भी उसे भूल नहीं पा रहा था। मानसिक रूप से अस्थिर दिख रहे आरोपी ने दावा किया कि वह मृतका से बात करना चाहता था। इसके लिए वह मुंबई पहुंच गया। वहां उसने यूट्यूब पर आत्मा से संपर्क करने के वीडियो खोजे और नाला सोपारा के एक सुनसान इलाके में कथित धार्मिक क्रियाएं कीं। आरोपी ने कुमकुम, हल्दी, चूड़ियां और बिंदिया जैसे सामान खरीदे। मृतका का आधार कार्ड और अंगूठी अपने पास रखकर उसने टोटके किए ताकि वह सपने में आकर उससे बात करे। थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी कई बार रोने लगा और मृतका से बात कराने की जिद करता रहा। पुलिस का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही।
हत्या के बाद आपत्तिजनक वीडियो किया वायरल
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मंदसौर का रहने वाला है और वारदात के बाद ट्रेन से मुंबई भाग गया था। ट्रेन में बैठकर उसने छात्रा के साथ बनाया गया आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज ग्रुप में शेयर किया और व्हाट्सएप स्टेटस भी लगाया। इतना ही नहीं, परिजनों को गुमराह करने के लिए उसने छात्रा के मोबाइल से घर न लौटने के संदेश भी भेजे। बाद में उसने अपना मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। पुलिस अब मोबाइल बरामदगी के लिए उसे मुंबई ले जाने की तैयारी में है।
हत्या की रात क्या हुआ?
आरोपी के मुताबिक, घटना वाले दिन युवती अपने पिता के साथ आधार कार्ड में सुधार कराने कलेक्टर कार्यालय गई थी। दोपहर में घर लौटने के बाद आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि युवती अन्य दोस्तों से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर वह गुस्से में था। विवाद के बाद उसने पहले गला दबाकर हत्या की कोशिश की। बाद में जब उसे लगा कि युवती की सांसें चल रही हैं, तो उसने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने शव के साथ अमानवीय कृत्य भी किए। यह खुलासा जांच के दौरान स्वयं आरोपी ने स्वीकार किया।
कमरे की चाबी अब भी लापता
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने कमरे की चाबी फेंक दी थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारी मान रहे हैं कि इस मामले में अभी और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।
