ऑटोमेशन नहीं, बिना बिजली कनेक्शन चल रहा था पेट्रोल पंप, खाद्य विभाग ने किया सील… – vedantsamachar.in

ऑटोमेशन नहीं, बिना बिजली कनेक्शन चल रहा था पेट्रोल पंप, खाद्य विभाग ने किया सील…

रायगढ़, 12 मई (वेदांत समाचार)। पेट्रोल और डीजल का कारोबार अभी संवेदनशील है। ऐसे में कई पंप संचालक संदेहास्पद गतिविधियों में संलिप्त हैं। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने तमनार के निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर छापा मारा जहां ऑटोमेशन ही नहीं हुआ था। बिजली कनेक्शन भी नहीं था लेकिन पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा था। स्टॉक में भी गड़बड़ी पाई गई। विभाग ने पंप को सील कर दिया है। सोमवार को कलेक्टर के समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशानुसार तमनार स्थित मेसर्स एचपी मारुति एनर्जी सॉल्यूशन नवीन रिटेल आउटलेट का निरीक्षण किया गया।

मौके पर 2 रिफ्यूलर टैंक क्रमांक सीजी 13 एएम 6699 टाटा अल्ट्रा क्षमता 6 किलोलीटर और टैंक क्रमांक सीजी 13 जेड 3895 महिन्द्रा बोलेरो क्षमता 2 किलोलीटर परिसर में खड़े पाए गए। उक्त दोनों वाहन सियाराम फ्यूल्स देहजरी खरसिया के थे। लेकिन वहां क्यों लाए गए थे, इसका जवाब किसी ने नहीं दिया। पेट्रोल पंप का मैनेजर कोई भी तथ्य प्रस्तुत नहीं कर सका। पंप का भौतिक सत्यापन करने पर मौके पर 15661 लीटर पेट्रोल और 6227 लीटर डीजल स्टॉक में पाया गया जबकि स्टॉक पंजी के अनुसार 16000 लीटर पेट्रोल और 9699 लीटर डीजल मौके पर पाया जाना था। उक्त रिटेल आउटलेट अभी निर्माणाधीन स्थिति में है एवं एचपीसीएल कंपनी द्वारा ऑटोमेशन स्थापित नहीं किया जाना पाया गया है।

साथ ही विद्युत कनेक्शन और डीजी सेट स्थाई रूप से स्थापित नहीं किया जाना पाया गया। जिससे वर्तमान विषय परिस्थितियों पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध क्रय-विक्रय की पुष्टि होती है जो कि आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत दण्डनीय है। एचपीसीएल के पंप में अवैध तरीके से कारोबार किया जा रहा था। बिना अनुमति के धड़ल्ले से स्टॉक शिफ्ट किया जा रहा था। जांच में पेट्रोल और डीजल दोनों कम मिले। इसका मतलब कंपनी से पहुंचा हुआ स्टॉक दूसरे जगह ले जाया जा रहा था।