Vedant Samachar

रायपुर में नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, खमतराई पुलिस की कार्रवाई में 74 Nitrosun-10 गोलियां जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 14 फरवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 74 नग Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) बरामद की हैं। मामले में नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देश में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को सूचना संकलन और मुखबिर तंत्र सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी अभियान के दौरान 14 फरवरी 2026 को खमतराई पुलिस टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र की आरव्हीएच कॉलोनी छोटापारा में एक व्यक्ति प्रतिबंधित मनःप्रभावी नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में है। सूचना की तस्दीक के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मयंक सोनी उर्फ मित (उम्र 18 वर्ष) निवासी आरव्हीएसच कॉलोनी छोटापारा, खमतराई बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से Nitrosun-10 Nitrazepam Tablets IP की 60 गोलियां तथा अलग से 14 गोलियां बरामद हुईं। जब्त दवाइयों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 528 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पूरा माल जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज कर नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी नशीली दवाइयां कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।

Share This Article