कोरबा, 20 जुलाई 2025। गेवरा क्षेत्र के ऊर्जा नगर में एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जब एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ी। घटना के समय मकान में रहने वाला श्रमिक अनूप दुबे का परिवार दूसरे कमरे में था, जिससे सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
इस घटना ने गेवरा क्षेत्र के नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। लंबे समय से जर्जर मकानों की मरम्मत की अनदेखी की जा रही है, और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, मगर प्रशासन की तरफ से केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है।
अब ज़रूरत इस बात की है कि गेवरा क्षेत्र सिविल विभाग तत्काल संज्ञान ले और जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।



